बिलासपुर। जिले के मधुबन अटल आवास क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के घर से 14 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ महीनों से असामान्य रूप से अधिक धनराशि खर्च कर रहा था, जिसकी सूचना मिलने पर थाना सिटी कोतवाली, थाना तारबाहर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
आरोपी की पहचान विजेन्द्र बैस, उम्र 38 वर्ष, पिता महेश बैस के रूप में हुई है। वह मधुबन रोड स्थित श्री कृष्णा गौशाला के पास अटल आवास में रहता है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजेन्द्र बैस के खर्चों में अचानक बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने उसके घर पर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को 14 लाख रुपये नकद मिले। बरामद धनराशि के स्रोत के बारे में जब दस्तावेज़ और स्पष्टीकरण मांगा गया, तो आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद नकदी को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और बरामद धनराशि के वास्तविक स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी रहेगी।




