रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर आपराधिक तत्वों का दुस्साहस सामने आया है। जहां चंगोराभाठा तालाब क्षेत्र में एक वीडियो ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक चाकू लहराते हुए दूसरे युवक को जबरन पैर छूने के लिए मजबूर करता नजर आ रहा है।
मामला डी डी नगर थाना क्षेत्र का है। वीडियो में एक युवक खुद को यश बताता है और दूसरे लड़के पर सोशल मीडिया में उसके बारे में गलत बातें फैलाने का आरोप लगाता है। वह धमकी देता है कि अगर उसने उसके पैर नहीं छुए तो चाकू मार देगा। चाकू की नोक पर भयभीत दूसरा लड़का लगातार कहता है कि उसने ऐसी कोई बात नहीं कही, लेकिन डर की वजह से आखिरकार वह पैर छूने पर मजबूर हो जाता है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर में एक बार फिर यह सवाल उठने लगा है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों खत्म होता जा रहा है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




