मुंगेली। जिले में पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन मजनू’ चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं से छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों युवक नशे की हालत में बालिकाओं से छेड़छाड़ कर रहे थे। जिसके बाद भीड़ ने दोनों को घेरकर पुलिस को सूचना दी। फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को दबोचा।
घटना लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरहट की है, जहाँ स्कूल से घर लौट रही नाबालिग बालिकाओं को दो युवकों ने रास्ता रोककर छेड़छाड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कर तुरंत घटनास्थल रवाना हुई। टीम जब ग्राम हरनाचाका पहुँची, तो चौक पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा थी, जिसने दोनों आरोपियों को पकड़ रखा था।
दोनों युवक नशे की हालत में थे
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सूरज पटेल और सम्मत पटेल बताया, दोनों ग्राम देवरहट निवासी। पुलिस के अनुसार दोनों युवक नशे की हालत में थे और पकड़ से बचने के लिए भागने की कोशिश भी करने लगे। भीड़ की आक्रोशित स्थिति को देखते हुए पुलिस को बल प्रयोग कर उन्हें सुरक्षित तरीके से भीड़ से निकालकर थाने लाना पड़ा।




