कबीरधाम। जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 30 चिल्फी घाटी में सोमवार दोपहर से भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। नागमोरी मोड़ पर एक ट्रक में तकनीकी खराबी आने के बाद वह सड़क पर ही खड़ा रह गया, जिसके कारण उसके पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे घाटी क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।
जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 1 बजे से जाम की स्थिति बनी हुई है और अब तक दोनों दिशाओं में 300 से अधिक वाहन फंसे हुए हैं। चिल्फी घाटी के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें दिखाई दे रही हैं, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चिल्फी पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रही है। पुलिस दल यातायात को सुचारू करने और जाम हटाने के लिए लगातार प्रयासरत है।




