बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के रतनपुर रोड पर सेंदरी के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और तीन बार गुलाटी मारते हुए झाड़ियों में जा घुसी। हादसे में कार चला रहे ईशु रत्नाकर (सक्ती जिला) और आगे की सीट पर बैठे भास्कर राजपूत (बेमेतरा) की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक ईशु रत्नाकर पीएससी की तैयारी कर रहा था जबकि उसका छोटा भाई आर्यन रत्नाकर एलएलबी का छात्र है। दोनों भाई बिलासपुर में साथ रहते थे। ईशु अपने दोस्त भास्कर राजपूत, अभिषेक वर्मा, शेखर चंद्रवंशी, श्याम सिंह राजपूत और एक अन्य साथी के साथ रात में खाना खाने रतनपुर रोड जा रहा था।
राहगीरों ने घटना की सूचना कोनी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। कोनी पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ड्राइविंग हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।




