रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार रात 9 बजकर 17 मिनट पर रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे। माना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे सीधे मेफेयर रिसोर्ट के लिए रवाना हो गए।
शनिवार को अमित शाह जगदलपुर जाएंगे, जहां वे बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे। उनका कार्यक्रम दोपहर 2 बजकर 45 मिनट से 4 बजकर 45 मिनट तक निर्धारित है। समारोह में शामिल होने के बाद वे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में गुरुवार 11 दिसंबर से बस्तर ओलंपिक की संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई थी। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। समारोह में अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज और पद्मश्री मैरी कॉम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। बस्तर ओलंपिक में नक्सल पीड़ितों और आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी भाग लिया है।




