रायपुर। सिलतरा चौकी क्षेत्र स्थित एक मोबाइल दुकान से लाखों रुपये के फोन चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 18 मोबाइल फोन एवं एक की-पैड मोबाइल बरामद किया गया, जिनकी कुल कीमत तीन लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी भगतराम डोंगरी उर्फ रवि पुत्र सोलोमन डोंगरी (ग्राम पुकी, थाना कोरापुट, ओडिशा) एवं मुशीर खान पुत्र सलीम खान (ओसवाल नगरी, 90 फीट रोड, नाला सुपारा ईस्ट, थाना तुलिंज, महाराष्ट्र) हैं। दोनों पहले भी चोरी एवं नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके हैं तथा खमतराई क्षेत्र के गोंदवारा स्थित एक अन्य मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं।
27 नवंबर को सिलतरा स्थित व्यवसायी हेमंत वर्मा की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। शिकायत पर मामला दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं चौकी सिलतरा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, मुखबिरों की सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की। सूचना मिलने पर टीम ओडिशा एवं आंध्र प्रदेश की सीमा क्षेत्र में पहुंची तथा रेड कर दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।




