सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्थित कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे की जांच के लिए कलेक्टर एस जयवर्धन ने चार सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। यह टीम अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में तीन बिंदुओं पर जांच करेगी।
दरअसल, यह पूरा मामला शनिवार को मित्तल कोल्ड स्टोरेज नयनपुर का है। दीवार गिरने से 4 मजदूर दब गए। इस दौरान दो मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं 1 एक का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर एस जयवर्धन और एस एस पी प्रशांत ठाकुर मौके पर पहुंचे थे।
इस बीच मजूदरों कि मौत की ख़बर सुनने के बाद सैकड़ों ग्रामीण कोल्ड स्टोरेज के बाहर पहुंच गए। उन्होंने मृतक मजूदरों को मुआवजा देने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों से बात कर उनको समझाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन ग्रामीण समझने के लिए तैयार नहीं है। वे लगातार नारेबाजी करते हुए संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




