रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले मामले में जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को आज ईडी ने स्पेशल कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान लखमा ने मीडिया से चर्चा में जेल में ठीक नहीं लगने के साथ तबीयत खराब होने का भी हवाला दिया।
मीडिया से चर्चा में कवासी लखमा ने कहा कि जनवरी में जेल जाने के बाद पहली बार आज बाहर आया हूं। कितने बार बोलने के बाद आज बाहर आया हूं। मुझे हार्ट के साथ-साथ शुगर और आंख की बीमारी है।
वहीं विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के सवाल पर लखमा ने कहा – क्या करें? मैने विधानसभा में बस्तर की बात उठाई थी, इसलिए ही तो जेल में रखा है। विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति देने के लिए मैने राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा था।
बता दें कि इस साल के शुरुआत में शराब घोटाला मामले में ईडी ने पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को 15 जनवरी को गिरफ्तार किया था। तब से वे जेल में हैं, हाल ही में ईडी ने कवासी लखमा के खिलाफ चार्जशीट भी पेश किया था। इसी कड़ी में आज कवासी लखमा को ईडी के स्पेशल कोर्ट में सुनवाई के लिए पेश किया गया।




