कांकेर। जिले के आमाबेड़ा में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफ़नाने को लेकर बड़ा बवाल हो गया। बड़े तेवड़ा गांव के सरपंच द्वारा धर्मांतरित पिता के शव को जबरन गांव में दफन करने को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट की खबर सामने आई है। इस झड़प में पुलिस कर्मियों के भी घायल होने की खबर है। गांव को सील कर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। दोनों पक्षों को अलग- अलग इलाके में सील किया गया है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी बातचीत में जुटे हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सरपंच रजमन सलाम के पिता चमराराम सलाम की रविवार को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बड़े तेवड़ा गांव के सरपंच के पिता ने धर्मांतरण कर लिया था। उनकी मौत के बाद उन्हें दफना दिया गया। जिसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और लाश को कब्र से उखाड़ने की बात कहने लगे। इस मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। लेकिन उग्र भीड़ शांत होने का नाम नहीं ले रही थी। जिसके बाद दोनों तरफ जमकर झड़प और मारपीट हुई। लोगों ने कब्र को भी ध्वस्त कर दिया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं।
ग्रामीण धार्मंतरित व्यक्ति का शव कब्र से बाहर निकालने की बात पर अड़े रहे। इस दौरान शव को निकालने की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण यह संभव नहीं हो पाया। इस दौरान दोनों पक्षों में झूमाझटकी हुई। विरोध के दौरान कुछ ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों को चोट भी आई है। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस के तमाम अधिकारियों ने मोर्चा संभाला।




