दुर्ग। भिलाई के चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज के पास बोरे में मिली महिला की लाश की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है। सुपेला थाना पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान भारती निर्मलकर, निवासी कोसा नगर, सुपेला के रूप में हुई है। महिला के हाथ पर गोदना से लिखे नामों के आधार पर पहचान का प्रचार किया गया था, जिसके बाद उसका लिव-इन पार्टनर थाने पहुंचा और पहचान की पुष्टि की। मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।
उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर की सुबह चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज के पास नाली में बोरे के भीतर महिला का सड़ा-गला शव मिला था। महिला के हाथ पर गोदना से लखन, सुरेश, महादेव और आरती नाम अंकित थे। जांच के दौरान महिला के मायके पक्ष के परिजनों ने भी उसकी पहचान की पुष्टि की। परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार महिला को आखिरी बार 4 दिसंबर को एक कार्यक्रम में उसके लिव-इन पार्टनर के साथ देखा गया था। इसके बाद से उसका किसी से संपर्क नहीं हो पाया। इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए दुर्ग पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर सहित कई जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की। इसके अलावा विभिन्न स्पा सेंटरों में कार्यरत महिलाओं से संबंधित जानकारियां भी जुटाई गईं। अंततः महिला के हाथ पर बने गोदना से लिखे नामों के आधार पर उसकी शिनाख्त संभव हो सकी।
सुपेला थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के बाद जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।




