रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस की सख्ती के बावजूद तेज रफ्तार वाहनों का कहर थम नहीं रहा है। रैश ड्राइविंग के कारण रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। बुधवार रात शहर के विभिन्न स्थानों पर तेज रफ्तार से कई सड़क हादसे हुए।
शंकरनगर एक्सप्रेसवे पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक ऑटो के कारण एक के बाद एक छह से सात दुर्घटनाएं हुईं। अधिकांश वाहन चालक बच निकले, लेकिन अंत में एक कार और बाइक चालक को नुकसान हुआ। एक इलेक्ट्रिक व्हीकल कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी सड़क पर जानेश खेल एक्टिववियर के आगे बाइक और कार की टक्कर से दो और हादसे हुए।
तेलीबांधा चौक के पास एक फॉर्च्यूनर और बीएमडब्ल्यू कार आपस में टकरा गईं, जिसमें दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। सौभाग्यवश इन सभी दुर्घटनाओं में किसी की जान नहीं गई।
इन घटनाओं ने रात के समय तेज रफ्तार ड्राइविंग और पुलिस चेकिंग की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यातायात पुलिस ने स्थलों पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की है।




