रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस पहल से गांवों की गलियां एवं मुहल्ले प्रकाशित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण जीवन अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक हुआ है।
जशपुर जिले के फरसाबहार ब्लॉक के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में सुरक्षा की दृष्टि से गांवों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की मांग की थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए कैंप कार्यालय की विशेष पहल पर सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट लगाने की कार्ययोजना तैयार की गई तथा इसका क्रियान्वयन किया गया।
फरसाबहार ब्लॉक के ग्राम फरसाबहार, खुटगांव, बनगांव, हेटघिंचा, गारीघाट एवं भगोरा जैसे गांवों में सौर स्ट्रीट लाइट की स्थापना की गई है। इससे स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
पहले अंधेरे के कारण रात में आवागमन में कठिनाई होती थी, अब पर्याप्त रोशनी से महिलाएं, बुजुर्ग एवं बच्चे बिना भय के बाहर निकल पा रहे हैं। हाथी प्रभावित क्षेत्र में यह व्यवस्था विशेष रूप से उपयोगी साबित हुई है। रात में प्रकाश उपलब्ध होने से ग्रामीण हाथियों की गतिविधियों का पहले आभास पा लेते हैं, जिससे मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं में कमी आई है तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
सौर ऊर्जा से संचालित होने के कारण यह पहल पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दे रही है तथा स्वच्छ, हरित एवं सतत ऊर्जा के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि सौर स्ट्रीट लाइटों से गांवों में सुरक्षा, सुविधा एवं विकास की नई रोशनी आई है, जिससे दैनिक जीवन अधिक सहज एवं सुरक्षित हुआ है।




