रायपुर। कई विवादों और लंबी जद्दोजहद के बाद एसआईआर के तहत फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 18 दिसंबर को समाप्त हो गई। जिले की सात विधानसभा सीटों में करीब 1.38 लाख ऐसे मतदाता मिले जिन्होंने गणना प्रपत्र जमा किए, लेकिन जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए।
चुनाव आयोग ने इन सभी मतदाताओं को सी कैटेगरी में रखा है। इसका अर्थ है कि उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के बाद भी यदि दस्तावेज जमा नहीं किए गए, तो इन सभी के नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। पहली नजर में आयोग ने इन्हें संदिग्ध मतदाता माना है।
रायपुर जिले की सात विधानसभा में कुल 18,92,523 मतदाता हैं। इनमें ए कैटेगरी में 4.66 लाख मतदाता शामिल हैं, जिनके गणना प्रपत्र पूरी तरह सही पाए गए हैं। वहीं बी कैटेगरी में लगभग 7.33 लाख मतदाता हैं, जिनके दस्तावेजों की जांच बाकी है। इन फॉर्मों की जांच 19 दिसंबर से शुरू होगी।
भास्कर को मिली जानकारी के अनुसार, ये मतदाता 2003 की मतदाता सूची में अपने, माता-पिता या परिवार के किसी सदस्य के दस्तावेज फॉर्म के साथ प्रस्तुत नहीं कर पाए। अब एसडीएम इन सभी क्षेत्रों में नोटिस जारी करेंगे।
फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह तय हुआ है कि राज्यभर में सबसे ज्यादा नाम रायपुर जिले से ही हटाए जाएंगे। सात विधानसभा में 79,405 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है और 2,88,222 मतदाता जिले से बाहर शिफ्ट हो गए हैं।




