रायपुर। राजधानी रायपुर के आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में 18 से 22 दिसंबर तक आयोजित मेगा हेल्थ कैंप–2025 में प्रतिदिन हजारों मरीज निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। रविवार को शिविर का चौथा दिन रहा, जिसमें स्वास्थ्य, कल्याण और मानवता का व्यापक स्वरूप देखने को मिला।
रविवार को आयुर्वेद विभाग द्वारा 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार यह बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, बार-बार होने वाले संक्रमण से बचाव तथा शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक है।
इस अवसर पर राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी शिविर में पहुंचीं और बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया। आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय में कुल 1200 बच्चों को यह औषधि दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि स्वर्ण प्राशन से बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, श्वसन व अन्य रोगों से सुरक्षा मिलती है तथा एकाग्रता और स्मरण शक्ति में सुधार होता है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि “पहला सुख निरोगी काया” की भावना को साकार करने के लिए बचपन से ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाना आवश्यक है।
मंत्री राजवाड़े ने रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत एवं छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष दीपक म्हसके के साथ शिविर के विभिन्न विभागों और स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। बच्चों, महिलाओं और सभी नागरिकों को गंभीर बीमारियों से बचाने तथा स्वस्थ रखने के लिए यह मेगा हेल्थ कैंप अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि यह शिविर सेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित किया गया है। उद्देश्य यह है कि कोई भी नागरिक इलाज या संसाधनों के अभाव में वंचित न रहे। गंभीर बीमारियों की समय रहते जांच और आधुनिक इलाज को निःशुल्क उपलब्ध कराना ही इस आयोजन की मूल भावना है।
छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष दीपक म्हसके ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और निःशुल्क दवाइयों के साथ इतने बड़े स्तर पर मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन अनुकरणीय है।
शिविर में देश के 42 प्रतिष्ठित अस्पतालों के 55 विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद और सिकंदराबाद से आए विशेषज्ञ गंभीर और जटिल बीमारियों की जांच और परामर्श कर रहे हैं। एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी, इको और पैथोलॉजी सहित सभी जांचें तथा दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध हैं।
महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की जांच मैमोग्राफी और थर्मल स्कैनिंग मशीन से की जा रही है। मुंह, गले और बच्चेदानी के कैंसर की निःशुल्क स्क्रीनिंग की जा रही है। दंत विभाग में एआई आधारित मशीन से दो मिनट में रिपोर्ट मरीजों के व्हाट्सएप पर भेजी जा रही है।
शिविर में विनय मित्र मंडल द्वारा दिव्यांगजनों के लिए जयपुर पैर और कृत्रिम हाथ-पैर का निर्माण किया जा रहा है। इंदौर, लखनऊ और रायपुर के विशेषज्ञ कारीगर निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध करा रहे हैं। दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और बैसाखी भी प्रदान की जा रही है। मुखबधिरों की ऑडियोमेट्री जांच कर श्रवण यंत्र दिए जा रहे हैं।
शिविर में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पंजीयन, जांच और परामर्श काउंटरों पर भारी भीड़ रही। मरीजों के लिए फल, नाश्ता और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। करीब 1500 पैरामेडिकल स्टाफ और 500 स्वयंसेवक सेवाएं दे रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी के 500 से अधिक स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
मेगा हेल्थ कैंप का समापन समारोह 22 दिसंबर को दोपहर 12 बजे आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर, जीई रोड रायपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका होंगे, जबकि अध्यक्षता पूर्व महाराष्ट्र राज्यपाल रमेश बैस करेंगे। समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, सुनील सोनी और पुरंदर मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा महापौर मीनल चौबे और जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।




