बालोद। जिले के सुवरबोड़ गांव में नशे में धुत एक युवक पानी टंकी में चढ़कर हंगामा करने लगा। रेस्क्यू करने पहुंची टीम को देखकर टंकी की ढक्कन खोलकर अंदर घुस गया। जिसके बाद आनन-फानन में टंकी से पानी खाली कराया गया। पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम नीचे उतारने में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक मामला बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम सुवरबोड़ का है। सोमवार सुबह करीब 9 बजे ससुराल में रह रहे पूना राम मंडावी (35) नशे की हालत में घर में विवाद करने लगा। विवाद के बाद वह घर से निकलकर जल जीवन मिशन के तहत निर्मित करीब 60 फीट ऊंची नई पानी टंकी पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा।
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि, मौके पर करीब ढाई घंटे से रेस्क्यू अभियान जारी है और युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि युवक की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं लग रही है।




