रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर इलाके में एक कॉलेज छात्रा को डराने, छेड़छाड़ करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस संबंध में कबीर नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। छात्रा एक निजी कॉलेज में अध्ययनरत है और लगातार मिल रही धमकियों से मानसिक रूप से परेशान थी।
पुलिस के अनुसार, कबीर नगर क्षेत्र निवासी छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि उसे एक युवक द्वारा लगातार धमकाया जा रहा है। आरोपी युवक उसे अपने बेस्ट फ्रेंड से बातचीत बंद करने की धमकी दे रहा था और ऐसा न करने पर जान से मारने की बात कह रहा था।
पीड़िता ने बताया कि वह मैट्स विश्वविद्यालय में बीकॉम की छात्रा है। आरोपी आरव रॉय, पिता अशोक रॉय, निवासी टीचर्स कॉलोनी, अक्टूबर 2025 से उसे लगातार परेशान कर रहा है। छात्रा का आरोप है कि आरोपी कॉलेज परिसर में उसे अकेला पाकर जबरन हाथ पकड़ता है, अपमानित करने की कोशिश करता है और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देता है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी छात्रा पर जबरन दोस्ती का दबाव बना रहा था। उसने छात्रा के मित्र नमन साहू से भी बातचीत बंद करने की धमकी दी और कहा कि बात नहीं मानने पर छात्रा और उसके दोस्त दोनों को जान से मार देगा। इस मामले को लेकर पहले भी आरोपी और नमन साहू के बीच विवाद हो चुका है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कबीर नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।




