जांजगीर-चांपा। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा आज छत्तीसगढ़ के जांजगीर में आयोजित ‘जनादेश परब’ में शामिल हुए। उन्होंने जय सतनाम के नारे के साथ आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय की सरकार ने शानदार 2 साल पूरे किए हैं, इसके लिए बहुत-बहुत बधाई।
जेपी नड्डा ने कहा बघेल सरकार में आतंक था, भ्रष्टाचार था, जो वादे किए वो निभाए नहीं, नक्सलवाद के साथ समझौतावाद था। आप सबने ऐसी सरकार को उखाड़ फेंका, और कमल का फूल खिलाया है।भाजपा ने जो कहा, वह किया है। और जो नहीं कहा था, वह भी करके दिया है।
उन्होंने कहा हम छाती ठोंककर बोलते हैं कि हमने 2 साल में सभी वादे पूरे किए है। हमने कहा था कि हम गांव गरीब के लिए काम करेंगे। हमने 5 लाख 62 हजार मजदूरों को आर्थिक मदद देने का काम किया। साथ ही 32 हजार नौकरियों की भर्ती की प्रक्रिया की जा रही है। युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरी मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि भारत आज विश्व में चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। देश अब तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। देशभर में सड़कों का जाल बिछ रहा है। 60% का ग्रोथ है। आज हमारे यू ट्यूबर, एनफ्लुएंसर गांव-गांव में हैं। सब्जी वाला भी QR कोड से पेमेंट ले रहा है। 92% मोबाइल भारत में बन रहा है। ये है बढ़ता भारत…
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकार नक्सलियों से दोस्ती करती थी, समझौता करती थी। हमारी सरकार ने उनसे लोहा लिया और अब मार्च 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने जनता को संबोधित करते हुए आगे बताया कि 4 मेडिकल कॉलेज जोड़े जा रहे हैं, जिनमें जांजगीर भी शामिल है। दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज खुल रहा है। छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेजों में कुल 2500 सीटें हैं। साथ ही बिलासपुर, राजनांदगांव में सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल खुल चुके हैं।




