रायपुर। नवा रायपुर स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी में मंगलवार को एक नाइजीरियन छात्र की चार मंजिला इमारत से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सैम के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय में एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। यह घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना की वजह आपसी विवाद और कथित बदसलूकी बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक विदेशी छात्रा के साथ बदसलूकी के दौरान उसका प्रेमी मौके पर पहुंच गया, जिससे विवाद बढ़ गया। इसी क्रम में सैम ने इमारत की छत से कथित रूप से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में नोई नामक युवक और उसकी महिला मित्र को हिरासत में लिया तथा पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सैम की मौत इमारत से कूदने के कारण हुई है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य व्यक्तियों की भूमिका क्या रही और विवाद किस परिस्थिति में बढ़ा। विश्वविद्यालय प्रशासन से भी आवश्यक जानकारी ली जा रही है। इस घटना के बाद कैंपस में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त है।




