रायपुर: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह को छत्तीसगढ़ पुलिस झारखंड से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रायपुर पहुंच गई है। दोनों राज्यों के लगभग 15 अधिकारियों की टीम ने उसे सुरक्षित लाया। कुछ ही देर में उसे रायपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
23 दिसंबर रात 10 बजे पुलिस टीम मयंक को लेकर झारखंड से रवाना हुई तथा 14 घंटे की यात्रा के बाद रायपुर पहुंची। कोर्ट ने उसके खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया था।
मयंक सिंह अमन साव गैंग का सदस्य है तथा लॉरेंस बिश्नोई से भी उसके संबंध हैं। उस पर रायपुर के कोयला एवं कंस्ट्रक्शन कारोबारी प्रहलाद राय तथा पीआर ग्रुप संचालक के कार्यालय पर गोली चलवाने का आरोप है।
जुलाई 2024 में हुई इस फायरिंग घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसमें बाइक सवार आरोपी ने हवा में तथा कार पर गोली चलाई थी। मयंक इस घटना का मुख्य आरोपी है। वह झारखंड की जेल में न्यायिक हिरासत में था। छत्तीसगढ़ में उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज होने से पुलिस की नजर उस पर थी।




