बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा बीच सड़क हंगामा करते हुए युवक को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। युवक और युवती करीब एक घंटे तक सड़क पर ड्रामेबाजी करते रहे। इस दौरान युवती वाहनों के सामने आकर जान देने की धमकी देती रही। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी। युवती द्वारा युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक तालापारा का रहने वाला है और युवती भी उसी मोहल्ले की निवासी है। दोनों शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं। तीन दिन पहले युवती अपने परिचित की एक महिला के साथ कोनी रोड गई थी, जहां युवक भी उसके साथ मौजूद था। बताया गया कि युवक शराब के नशे में था, जबकि युवती भी नशे की हालत में थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक और युवती के बीच बीच सड़क विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर युवती वाहनों के सामने आकर आत्महत्या की धमकी देने लगी, जबकि युवक उसे समझाने की कोशिश करता रहा। शुरुआत में वहां मौजूद लोगों को लगा कि युवक युवती से छेड़छाड़ कर रहा है, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि दोनों आपसी विवाद में उलझे हुए थे। इस दौरान युवती लगातार युवक को थप्पड़ मारती रही।
करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ ले गई। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।




