भिलाईनगर। भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने सेक्टर 9 अस्पताल के निजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत सेक्टर 9 अस्पताल के कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग तथा सेक्टर 1 अस्पताल के आन्कोलॉजी विभाग के निजीकरण के लिए एजेंसियों से रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित की गई है। निजी एजेंसियों से 15 जनवरी 2026 तक आवेदन मंगाए गए हैं।
बीएसपी प्रबंधन ने टाउन सर्विसेस एरिया में निजीकरण की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। मैत्रीबाग और बीएसपी के तीन स्कूलों के बाद अब चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत तीन विभागों के निजीकरण की पहल की गई है। बीएसपी प्रबंधन ने कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और आन्कोलॉजी सेवाओं के संचालन के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन और अस्पताल अथवा चिकित्सा संस्थानों के प्रबंधन एवं संचालन का अनुभव रखने वाले प्रतिष्ठित पेशेवर ट्रस्ट, सोसाइटी या पंजीकृत संगठनों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट आमंत्रित किया है। इच्छुक एजेंसियां निर्धारित कार्यक्षेत्र और नियम एवं शर्तों के अनुसार अपनी टिप्पणियां भी प्रस्तुत कर सकती हैं।
पात्रता के अनुसार, इन विभागों के संचालन में रुचि रखने वाली एजेंसी के पास कम से कम 250 बिस्तरों वाले अस्पताल में संबंधित सेवा के संचालन का न्यूनतम तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए। इसके साथ ही एजेंसी का वार्षिक कारोबार कम से कम 50 करोड़ रुपये होना अनिवार्य है। कंसोर्टियम की अनुमति नहीं होगी, यानी दो या अधिक एजेंसियां साझेदारी में आवेदन नहीं कर सकेंगी। सेवाओं का संचालन केवल एकल एजेंसी द्वारा किया जाएगा। संबंधित एजेंसियों को 15 जनवरी 2026 को दोपहर 1 बजे तक आवेदन जमा करना होगा।




