रायगढ़. जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 और 24 दिसंबर को रायगढ़ तथा धरमजयगढ़ क्षेत्र में खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान खनिज विभाग की टीम ने एक हाईवा वाहन को अवैध रूप से चूनापत्थर का परिवहन करते हुए पकड़ा। इसके अलावा 10 ट्रैक्टर खनिज रेत और एक ट्रैक्टर खनिज बोल्डर का अवैध परिवहन करते पाए गए। नियमों के उल्लंघन पर कुल 11 वाहनों को जब्त कर रैरूमाखुर्द चौकी, थाना धरमजयगढ़ और कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है।
जिला खनिज अधिकारी सोनी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध लगातार जांच कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त वाहन मालिकों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 और 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।
इस अभियान में खनिज निरीक्षक सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमले की सक्रिय भूमिका रही। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




