खैरागढ़। जिले के करमतरा गांव में भूपत साहू और तेजेश्वरी साहू के बीच लंबे समय से चले आ रहे मकान विवाद ने बीती रात विकराल रूप ले लिया। रात करीब 12 बजे सैकड़ों ग्रामीण आक्रोशित होकर जालबांधा चौकी पहुंच गए तथा पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि भूपत साहू लगातार गांव में तनाव पैदा कर रहा था, लेकिन पुलिस ने शुरुआती स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की। कई बार पंचायत एवं समझाइश के प्रयास हुए, किंतु आरोपित पक्ष से धमकियां एवं उकसावा जारी रहा। रात में खुलेआम धारदार हथियारों से जान से मारने की धमकी मिलने से दहशत फैल गई, जिसके बाद ग्रामीण थाने की ओर कूच कर गए। प्रदर्शन के दौरान ‘पुलिस मुर्दाबाद’ के नारे लगे।
शिकायत पर पुलिस ने भूपत दास उर्फ साहेब, दीपक साहू तथा उसके पुत्र सूर्यकांत साहू को हिरासत में लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 एवं 126 के तहत कार्रवाई की। स्थिति अब नियंत्रण में है।




