रायपुर। थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के नवा रायपुर सेक्टर-16 स्थित चार मंजिला ईडब्ल्यूएस भवन से गिरकर निजी यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्र सैमपुर जुदे की मौत के मामले में पुलिस ने तीन अन्य विदेशी छात्रों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
घटना 22 दिसंबर 2025 शाम की है। मृतक सैमपुर जुदे अपने साथी के साथ भवन के पास खड़ा था। इसी दौरान यूनिवर्सिटी के छात्र नोउई कुर माजाक (23), सबरी पालीनो उर्फ टोनी (22) एवं मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन (22) वहां पहुंचे तथा मृतक पर उनके साथी की महिला मित्र से बदसलूकी का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू किया।
विवाद के दौरान आरोपियों ने मारपीट की कोशिश की, जिससे भयभीत सैमपुर जुदे सीढ़ियों से छत की ओर भागा। आरोपी उसका पीछा करते हुए छत तक पहुंचे। मारपीट के डर से मृतक ने छत से छलांग लगा दी। कंक्रीट सड़क पर गिरने से उसके सिर, मुंह एवं दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने संलिप्तता स्वीकार की। तीनों आरोपी दक्षिण सूडान के निवासी हैं।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। घटना से निजी यूनिवर्सिटी एवं नवा रायपुर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की भूमिका एवं विवाद की पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।




