मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुए दिनदहाड़े युवक के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मास्टरमाइंड सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक आरोपी के स्थानीय पार्षद होने की चर्चा ने घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को और बढ़ा दिया है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले अज्ञात लोगों ने युवक का दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया था। कुछ घंटों बाद उसे उसके ही घर के बाहर अधमरी हालत में फेंक दिया गया। परिजन तत्काल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे उसके साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने की पुष्टि होती है। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने सायबर सेल और तकनीकी टीम की सहायता से आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से एक को इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अन्य संदिग्धों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है, वहीं परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




