रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नेता विकास तिवारी को पार्टी प्रवक्ता के पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर की गई। विकास तिवारी ने झीरम घाटी हमले की जांच कर रहे न्यायिक आयोग से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कवासी लखमा सहित कुछ नेताओं के नार्को टेस्ट कराने की मांग की थी।
इसके बाद कांग्रेस के प्रभारी महासचिव मलकीत सिंह गैंदू ने विकास तिवारी को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर मामले पर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
विकास तिवारी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के बयान के बाद झीरम जांच आयोग से भाजपा नेताओं के साथ-साथ भूपेश बघेल एवं कवासी लखमा के नार्को टेस्ट की मांग उठाई थी। उनके इस बयान से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में नाराजगी हुई तथा आंतरिक स्तर पर विरोध दर्ज किया गया। कुछ नेताओं ने अनुशासनहीनता के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विवाद बढ़ने पर पार्टी ने उन्हें प्रवक्ता पद से पदमुक्त कर दिया तथा स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी किया है।




