रायपुर। नववर्ष के पहले दिन राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार कार ने एक बार फिर कहर बरपाया। गुरुवार को श्री राम मंदिर के सामने तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर एक स्विफ्ट कार से जा टकराई। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका पैर बुरी तरह कुचल गया और कटकर अलग हो गया। कार में सवार लोग तथा सड़क से गुजर रहे कई दुपहिया सवार बाल-बाल बच गए।
टक्कर के बाद आरोपी कार चालक गाड़ी नहीं रोकी और तेजी से वीआईपी चौक की ओर फरार हो गया। आंग्ल नववर्ष का पहला दिन होने से श्री राम मंदिर के आसपास भारी भीड़ थी तथा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और जवान भी तैनात थे।
हादसे के बाद वीआईपी रोड पर लंबा जाम लग गया। क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा में चालक फंसा हुआ था तथा स्विफ्ट कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। तेलीबांधा टीआई अविनाश सिंह ने बताया कि घायल की हालत गंभीर होने से उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। घायल चालक का नाम अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। स्विफ्ट कार में सवार लोग सुरक्षित रहे। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




