रायपुर। बस्तर रेंज में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर और सुकमा जिलों में अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद कुल 14 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें बीजापुर जिले से 2 और सुकमा जिले से 12 माओवादी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बीजापुर एवं सुकमा जिलों के दक्षिणी क्षेत्रों में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीमें रवाना की गई थीं।
ऑपरेशन के दौरान बीजापुर जिले में सुबह करीब 5 बजे से डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी रही। वहीं सुकमा जिले में भी सुबह लगभग 8 बजे से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग की स्थिति बनी हुई है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थलों से अब तक कुल 14 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही घटनास्थलों से भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किए गए हैं, जिनमें एके-47, इंसास और एसएलआर राइफलें शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि अभियान अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षा बलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा सकतीं, ताकि अभियान में तैनात जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। ऑपरेशन के पूर्ण होने के बाद विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।




