बिलासपुर। मुंगेली में युवक की खुदकुशी मामले में मृतक की रिपोर्ट पर जांच में लापरवाही बरतने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने कोतवाली थाना के विवेचक एसआई गणेश राम महिलांगे को लाइन अटैच कर दिया है। मामले की जांच का जिम्मा सीएसपी गणन कुमार को सौंपा गया है।
मुंगेली बरमार निवासी नरेश साहू (पिता सुशील साहू) चिंगराजपारा में किराए के मकान में रहते थे। 30 दिसंबर की रात खपरगंज निवासी सोहेल खान के साथ उनकी गाड़ी की भिड़ंत हो गई थी। सोहेल खान ने हिंदू संगठनों से जुड़े होने का हवाला देकर नरेश साहू की पिटाई की थी। नरेश ने इसकी रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने अपराध कायम कर खानापूर्ति की तथा आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की।
2 जनवरी को नरेश साहू ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर हिंदू संगठनों से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने पुलिस पर बयान बदलने का दबाव बनाने तथा अन्य लोगों से धमकी मिलने की बात कही। वीडियो वायरल होने के बाद नरेश ने मुंगेली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इसके बाद हिंदू संगठनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कोतवाली थाने का घेराव किया तथा चक्काजाम किया। दबाव के बाद सोहेल खान को गिरफ्तार किया गया। 3 जनवरी को एसएसपी ने रिपोर्ट की जांच में लापरवाही तथा त्वरित गिरफ्तारी नहीं करने पर एसआई को लाइन अटैच किया।




