कोरबा। एसईसीएल की गेवरा खदान में शनिवार को दो गुटों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पहले कहासुनी हुई और फिर दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि विवाद केसीपीएल और केके इंटरप्राइजेज के कर्मचारियों के बीच हुआ।
विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर हमला किया। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन झड़प इतनी उग्र थी कि सुरक्षाकर्मी भी इसकी चपेट में आ गए और उन्हें भी हाथापाई का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों का कहना है कि खदान क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं।
स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि खदान परिसर में बढ़ते विवाद और दबंगई के बावजूद प्रबंधन द्वारा प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि प्रबंधन की उदासीनता के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
कर्मचारियों के अनुसार पहले खदान परिसर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाती थी और मारपीट या लापरवाही की घटनाओं पर जांच के बाद संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती थी, यहां तक कि ब्लैकलिस्ट भी किया जाता था। अब यह व्यवस्था कमजोर पड़ गई है, जिससे अनुशासन और कार्रवाई का भय खत्म होता नजर आ रहा है।
कर्मचारियों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो खदान परिसर में कोई बड़ी घटना हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक एसईसीएल प्रबंधन को घटना की जानकारी दे दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम या आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस संबंध में दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




