महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के नेशनल हाईवे पर गैस सिलेंडरों से भरे एक पिकअप वाहन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण थी कि सिलेंडर की टंकियां फटने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। राहत की बात रही कि चालक समय रहते वाहन से बाहर आ गया और घटना में कोई हताहत नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के छुईपाली के पास का है। पिकअप गैस सिलेंडर से भरा हुआ था। अचानक वाहन में आग लग गई। जिसके बाद चालक सावधानी बरतते हुए वाहन से बाहर आ गया। देखते ही देखते सिलेंडर वाहन से बाहर आकर ब्लास्ट हो गए। जोरदार धमाके से इलाका दहल उठा। आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा हरकत में आ गया। एएसपी प्रतिभा पांडे तिवारी ने एनएच पर तैनात सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे तत्काल वाहनों का रूट डाइवर्ट कराएं ताकि घटना स्थल के आसपास ट्रैफिक जाम न हो और बचाव कार्य में बाधा न आए।




