रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में बीती रात एक अनियंत्रित कार सीधे एक दुकान में जा घुसी। हादसे के समय दुकान में मौजूद दुकानदार और उसका परिवार बाल-बाल बच गया, लेकिन दुकान का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बीती शाम पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र कैलाशपुरी रोड पर लगभग रात 8:30 बजे एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना पाते ही आसपास के लोग घटना स्थल पर जमा हो गए। भीड़ ने कार में मौजूद ड्राइवर को पकड़ लिया और आक्रोशित लोगों ने कथित रूप से उसकी पिटाई भी कर दी। घर में मौजूद लोग दहशत में थे और चिल्लाते हुए मदद की गुहार लगाई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। दुकानदार और पड़ोसियों के मुताबिक, कार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिससे हादसा हुआ। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और कार को जब्त कर लिया गया है।




