कोरबा। जिले में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के चलते वैवाहिक जीवन में आई दरार के बाद एक महिला ने जहर पीकर जान देने की कोशिश की, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, दूसरी घटना में एक बच्ची ने खेलते-खेलते जानवरों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कीटनाशक दवा पी ली, हालांकि समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
जिला अस्पताल चौकी क्षेत्र में 24 वर्षीय चमेली विश्वास ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चमेली और सुमित विश्वास ने पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे भी हैं। उनका वैवाहिक जीवन सामान्य चल रहा था, लेकिन हाल ही में चमेली की इंस्टाग्राम पर किसी अन्य युवक से दोस्ती हो गई।
इस बात की भनक जब पति सुमित को लगी तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ समय के लिए चमेली मायके चली गई थी, लेकिन सुलह के बाद वह वापस लौट आई। इसके बावजूद, महिला युवक से बात करती रही। पति ने शक के आधार पर उसका मोबाइल हैक कर लिया और उनकी बातचीत का पता चलने पर फिर से विवाद गहरा गया। इसी बीच, महिला ने जहर पी लिया। पुलिस ने पति और परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




