रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित सेक्स सीडी कांड में कानूनी लड़ाई एक बार फिर तेज़ होने वाली है। रायपुर सेशन कोर्ट में CBI द्वारा दोबारा अपील दाखिल करने के बाद अब कांग्रेस ने इस फैसले को चुनौती देने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है। यह वही मामला है जिसमें मार्च 2025 में CBI की विशेष अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सभी आरोपों से बरी कर दिया था।
सेशन कोर्ट में CBI द्वारा पुनः अपील दाखिल करने पर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे गलत बताया है। कांग्रेस का कहना है कि जिस मामले में विशेष अदालत ने स्पष्ट रूप से कहा कि भूपेश बघेल के खिलाफ मुकदमा चलाने का कोई ठोस आधार नहीं है, उसे बार-बार कानूनी प्रक्रिया में घसीटना न्यायिक दुरुपयोग है। इसी आधार पर पार्टी अब हाईकोर्ट में अपील दायर करेगी।
ऐसे शुरू हुआ था मामला
27 अक्टूबर 2017 को तत्कालीन पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल के रायपुर स्थित बंगले से एक सेक्स सीडी जब्त की गई थी। इस सीडी में कथित रूप से मंत्री राजेश मूणत से मिलते-जुलते व्यक्ति को आपत्तिजनक स्थिति में दिखाए जाने का दावा किया गया था। वीडियो क्लिप कुछ ही घंटों में वायरल हो गया था, जिसके बाद यह मामला राज्य की सबसे चर्चित राजनीतिक घटनाओं में शामिल हो गया। इस सीडी की जांच CBI को सौंपी गई थी, और वर्षों तक चले विवाद, आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक उथल-पुथल के बाद 2025 में विशेष अदालत ने बघेल को बरी कर दिया था।




