धमतरी। जिले में शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोबरा बटालियन के पांच जवान कार से रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान धमतरी जिले के मार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार जवानों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय सड़क पर अन्य वाहन भी मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या वाहन में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




