रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। धमतरी जिले के ग्राम परसवानी के रहने वाले डीएसपी डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वीं रैंक प्राप्त की है। अनुसूचित जनजाति (ST) कोटे से उनका भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयन लगभग तय माना जा रहा है। वहीं एमसीबी जिले की दर्शना सिंह ने 283वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता दर्ज की है।
डायमंड सिंह ध्रुव वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के डीएसपी हैं। उन्होंने पहले ही प्रयास में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा पास कर डीएसपी का पद हासिल किया था। पुलिस सेवा में रहते हुए भी उन्होंने UPSC की तैयारी जारी रखी और अब देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में सफलता हासिल कर नई छलांग लगाई है।
डायमंड सिंह ध्रुव धमतरी जिले के परसवानी गांव के निवासी हैं। वे स्वर्गीय बलराम सिंह सूर्यवंशी और शिक्षिका अंबिका सूर्यवंशी के पुत्र हैं। रिजल्ट आने के बाद जब दोस्तों और परिचितों के फोन आने लगे तो उन्हें पहले यकीन ही नहीं हुआ। बधाइयों का सिलसिला शुरू होते ही उनके घर और गांव में खुशी का माहौल बन गया।
इधर, एमसीबी जिले की दर्शना सिंह ने भी UPSC में शानदार प्रदर्शन करते हुए 283वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस सफलता से पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। दर्शना सिंह के पिता अरुण सिंह राशन दुकान संचालक हैं, जबकि उनकी माता सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर की भाजपा पार्षद हैं।
दर्शना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद लगातार मेहनत और लगन के साथ UPSC की तैयारी की और आखिरकार देश की सर्वोच्च सेवाओं में जगह बनाने में सफल रहीं। उनकी उपलब्धि से एमसीबी जिले को खास गर्व महसूस हो रहा है।
दोनों सफल अभ्यर्थियों को प्रदेश भर से बधाइयां मिल रही हैं। विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा है कि इन युवाओं की सफलता से प्रदेश के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।




