कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से खुलेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। इस घटना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिनदहाड़े दो पक्ष डंडे और लोहे की रॉड लेकर जमकर लड़ाई कर रहे है। पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बस स्टैंड का है।
जानकारी के मुताबिक बस स्टैंड में सुदर्शन चन्द्रवंशी सुलभ गए हुए थे, जहां नशेड़ियों ने जेब में रखे पैसे को छिनने की कोशिश की, जिसका सुदर्शन ने विरोध किया और अपने लोगों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद नशेड़ियों ने अपना गैंग बुलाकर डंडे और रॉड से 4 लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में सुदर्शन चन्द्रवंशी के हाथ में गंभीर चोट आई है। वहीं राजेंद्र चन्द्रवंशी के सिर पर चोट आई है।
घायलों को जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने सिटी कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद बस स्टैंड में दहशत का माहौल बना हुआ है।




