रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक आदतन अपराधी दुर्गेश महंत को जमानत पर रिहा होने के अगले ही दिन फिर से जेल भेज दिया गया। दुर्गेश ने रिहाई के तुरंत बाद अपने साथियों के साथ जुलूस निकाला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।
21 वर्षीय दुर्गेश महंत, पिता चतुरदास महंत, निवासी कोतरा रोड, तीन माह पूर्व थाना जूटमिल क्षेत्र में दर्ज मारपीट के एक मामले में जेल भेजा गया था। हाल ही में उसे जमानत मिली थी, लेकिन रिहाई के बाद उसने शहर में खुलेआम जुलूस निकाला। इस दौरान उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
Read Also- NTPC सीपत हादसे में एक और मजदूर की मौत, मृतकों की संख्या 2, तीन गंभीर रूप से घायल
वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया। मामला जब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया, तो कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थाना स्टाफ और साइबर सेल की सहायता से दुर्गेश को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पूछताछ में उसने जुलूस निकालने की बात स्वीकार की।
अपराधी के खिलाफ कार्रवाई और कानूनी प्रावधान
पुलिस के अनुसार दुर्गेश महंत कोतवाली समेत अन्य थानों में कई संगीन मामलों में लिप्त रहा है और उसे एक आदतन अपराधी माना जाता है। उसके खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 145/2025 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNSS) की धारा 170 (अधिकार का मिथ्या प्रयोग), धारा 126 (शांति भंग की आशंका), और धारा 135(3) (निवारक कार्यवाही) के तहत मामला दर्ज किया गया।




