अंबिकापुर। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के ड्राइवर उमेश प्रधान पर 29 वर्षीय आदिवासी युवती ने छेड़छाड़ और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने सीतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
CG NEWS: केशकाल घाट पर जाम से मिलेगी राहत, 307 करोड़ की लागत से बनेगा फोरलेन बायपास
रिपोर्ट के अनुसार, घटना 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के दिन शाम 4 बजे आदर्शनगर हनुमान चौक के पास हुई। युवती अपनी स्कूटी से सहेली के घर जा रही थी और रास्ते में बड़े पापा के लड़के से बातचीत कर रही थी, तभी उमेश प्रधान वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए युवती को खींचकर जकड़ लिया और विरोध करने पर 3-4 थप्पड़ मारे। ड्राइवर ने यह भी कहा कि “जब फोन करता हूं तो उठाती नहीं, और दूसरे लड़कों से बात करती हो।”
पीड़िता के भाई के आपत्ति जताने पर आरोपी ने उसे भी गाली दी और जान से मारने की धमकी दी। युवती का आरोप है कि घटना के बाद वह अन्य लोगों के साथ विधायक से मिलने गई, लेकिन उन्होंने उसकी बात सुनने के बजाय ड्राइवर का पक्ष लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2) और 74 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, विधायक ने आरोपी ड्राइवर को कार्यालय से हटा दिया है।




