बीजापुर। जिले के इंद्रावती क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें एक नक्सली मारा गया। मौके से नक्सली का शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। जंगल और पहाड़ी इलाके में अभी भी रुक-रुककर फायरिंग की खबर है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने पर जिला पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान सर्चिंग पर निकली डीआरजी की टीम पर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक नक्सली को ढेर कर दिया।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान जारी है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही सुकमा जिले में भी सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली थी। नक्सलियों के पीएलजीए बटालियन नंबर-1 के कमांडर देवा की तलाश में निकली डीआरजी टीम की किस्टाराम एरिया कमेटी से मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान दो एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम कैडर) समेत तीन नक्सली मारे गए थे।




