बरेली। बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया है। घटना सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई, जब अज्ञात लोगों ने उनके घर के बाहर दो राउंड हवाई फायरिंग की। गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर में उनकी बड़ी बहन खुशबू पाटनी और माता-पिता रहते हैं। फायरिंग की जिम्मेदारी वीरेंद्र चारण गैंग ने सोशल मीडिया पर ली है। गैंग ने पोस्ट कर दावा किया कि यह कार्रवाई संत प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य के अपमान के विरोध में की गई है।
वीरेंद्र चारण गैंग ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी ने उनके धर्म या संतों के खिलाफ टिप्पणी की, तो उसके गंभीर नतीजे होंगे। पोस्ट में कहा गया कि यह तो केवल ट्रेलर है और अगली बार किसी को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।
मामला उस समय से जुड़ा है जब खुशबू पाटनी ने सोशल मीडिया पर अनिरुद्धाचार्य के महिलाओं पर दिए गए विवादित बयान की आलोचना की थी। उस दौरान प्रेमानंद महाराज का भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद यह विवाद और गहराता चला गया।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट और गैंग से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। फिलहाल हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।




