रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाने और टिकटिंग प्रक्रिया को और अधिक सहज एवं प्रभावी बनाने के लिए रेलवे ने जनरल टिकट व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब तक स्टेशन बिल्डिंग में संचालित जनरल टिकट काउंटर को रेलवे ने रिजर्वेशन केंद्र में शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। साथ ही, स्टेशन परिसर में 8 ऑटोमेटेड टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) और मोबाइल टिकटिंग सेवा के जरिए जनरल टिकट लेने की वैकल्पिक व्यवस्था भी लागू की गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन परिसर में वर्तमान में दो जनरल टिकट काउंटर अगले दो दिनों तक काम करेंगे, इसके बाद उन्हें भी आरक्षण केंद्र की बिल्डिंग में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इससे यात्रियों को आरक्षित और अनारक्षित दोनों प्रकार के टिकट एक ही स्थान पर मिलने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी टिकटिंग प्रक्रिया सरल और तेज होगी।
Read Also- हड़ताल से बाधित स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने सरकार का बड़ा कदम, 24 चिकित्सा अधिकारी और 1 विशेषज्ञ डॉक्टर किए नियुक्त
अनारक्षित टिकट प्राप्त करने के लिए अब यात्रियों को आरक्षण केंद्र में जाना होगा, जहां सुबह 4 काउंटर, शाम को 5 काउंटर और रात को 3 काउंटर सक्रिय रहेंगे। इसके अतिरिक्त, एटीवीएम और मोबाइल टिकटिंग सेवाओं से भी टिकट लेने की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे लंबी कतारों और भीड़-भाड़ की समस्या में कमी आएगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह कदम डिजिटलाइजेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो न केवल यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाएगा बल्कि टिकट वितरण की प्रक्रिया को भी अधिक पारदर्शी और सुगम बनाएगा।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे इस नई व्यवस्था को समझें और सहयोग करें ताकि रेलवे स्टेशन पर टिकटिंग सेवा बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चल सके।




