Bilaspur Crime: बिलासपुर में गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने धावा बोल दिया। इस दौरान चोरों ने उनकी आलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने समेत करीब पांच लाख का माल पार कर दिया। शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।
सेंदरी के अरपा ग्रीन कॉलोनी निवासी सूर्यभान सिंह गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। बीते 24 मई की शाम करीब पांच बजे परिवार सहित अपनी बहन से मिलने के लिए उत्तर प्रदेश के सोनभद्र गए थे। इस दौरान मकान सूना था और ताला बंद था।
पड़ोसी ने दी ताला टूटने की जानकारी
पड़ोसी यशवंत पटेल ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके घर का दरवाजा खुला है और ताला टूटा हुआ है। खबर मिलते ही वह शाम को अपने घर पहुंचे। तलाशी लेने पर पता चला कि अंदर कमरों में सामान बिखरे पड़े थे और आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था।
Read Also- वैद्यराज हेमचंद मांझी को मिली Y श्रेणी की सुरक्षा
उसके अंदर बैग में रखे एक तोला वजनी सोने की चूड़ी, डेढ तोला वजनी सोने की हार, ढाई तोला वजनी सोने की चेन, सात अंगूठी, झुमका, कान के टाप्स, मंगलसूत्र, कान की बाली, नथनी, मांग टीका, सोने की पायल, चांदी की चार पायल, चांदी की मछली, सिक्के, चांदी की हार सहित अन्य सामान गायब मिले। इसकी सूचना उन्होंने कोनी पुलिस को दी।
कॉलोनी से निकलकर बस्ती में भटक गया डॉग
Bilaspur Crime: चोरी की शिकायत पर पुलिस ने जांच के लिए डॉग स्क्वायड को बुलाया। इस दौरान कॉलोनी में उनके मकान से निकलकर सर्च डॉग रोजी गांव के बस्ती तक गई, जिसके बाद वह रास्ता भटक गई। पुलिस को शक है कि आसपास बस्ती में रहने वाले बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया होगा। इसके आधार पर पुलिस आसपास के संदेहियों की जानकारी जुटाकर उनकी पतासाजी कर रही है।
लाखों के गहने, पुलिस रिकार्ड में केवल डेढ़ लाख रुपए
असिस्टेंट प्रोफेसर भानूप्रसाद के अनुसार ऑलमारी से चोरों ने घर के सारे गहनों को पार कर दिया है, जिसकी कीमत करीब पांच लाख से अधिक है। लेकिन, पुलिस ने FIR में इतने सारे गहनों की कीमत केवल डेढ़ लाख रुपए दर्ज किया है।




