बलरामपुर। जिले के भेलाई खुर्द गांव में क्रशर संचालकों की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में दो युवकों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि क्रशर प्लांट संचालकों ने एक युवक के कपड़े उतरवाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए और फिर उसे लातों और जूतों से पीटा। वहीं दूसरे युवक को भी अर्धनग्न अवस्था में पूछताछ के नाम पर अपमानित किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है।
घटना बलरामपुर जिले के बरियो चौकी क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में एक युवक पाइप और रस्सी से बंधा हुआ दिखाई दे रहा है। जमीन पर गिराकर कुछ लोग उसकी बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक क्रशर प्लांट में पोकलेन मशीन का ऑपरेटर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक लोगों ने दोनों युवकों को घेरकर पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में पूछताछ की और मारपीट की। बाद में उन्हें कमरे में बंद कर पिटाई की गई। कमरे के अंदर दूसरे युवक के भी कपड़े उतरवाकर अर्धनग्न अवस्था में पूछताछ की गई।
Read Also- IPS डांगी पर यौन उत्पीड़न के आरोपों का असर: गृह विभाग ने पद से हटाया, अजय यादव बने पुलिस अकादमी के नए निदेशक
बरियो चौकी प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पिटाई के शिकार युवक की पहचान कर ली गई है। बघिमा निवासी विनोद सारथी नामक युवक से फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन डर के कारण उसने शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने युवक को चौकी में बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बलरामपुर ASP विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




