मुंबई। उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ के बाद अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सीबीआई ने शुक्रवार सुबह 17,000 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में अंबानी से जुड़े ठिकानों पर तलाशी शुरू की।
सुबह 7 बजे से जारी तलाशी
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई की टीम सुबह 7 बजे मुंबई के कफ परेड स्थित सीविंड सोसायटी में अनिल अंबानी के आवास पर पहुंची। लगभग 7-8 अधिकारी इस तलाशी अभियान में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अंबानी और उनका परिवार भी उस समय घर पर मौजूद थे।
दस्तावेजों की तलाश
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि तलाशी का मकसद बैंक लोन से जुड़े दस्तावेजों को खंगालना है। एजेंसी यस बैंक और अंबानी की कंपनियों के बीच हुए पैसों के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज जुटा रही है।
पहले ED ने की थी पूछताछ
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी अनिल अंबानी से इसी मामले में पूछताछ की थी। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि उद्योगपति की कानूनी मुश्किलें और गहरा सकती हैं।




