CG Weather: रायपुर। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश और अंधड़ के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर समेत 10 जिलों में आज हल्की बारिश के आसार हैं। इसके चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
हालांकि बुधवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला दुर्ग रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके विपरीत, बस्तर संभाग के जिलों में अंधड़ के साथ बौछारें पड़ीं और मौसम ठंडा रहा। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से क्रमशः 3.1 और 2.3 डिग्री कम था।
Read Also- रायपुर में वक्फ संपत्तियों पर 500 करोड़ का घोटाला, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने किया बड़ा खुलासा
CG Weather: रायपुर में आज मौसम दिन में साफ रहेगा, लेकिन शाम को तेज हवाएं चलने और बादल छाने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान है। बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था, लेकिन उमस और चुभन बनी रही।
बिलासपुर में भी बुधवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। यहां रात का तापमान 23.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बिलासपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। दुर्ग जिले में जहां दिन का तापमान सबसे अधिक रहा, वहीं रात का तापमान 20.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम रहा।
Read Also- सरगुजा के बेवरापारा गांव में डायरिया का प्रकोप, एक महिला की मौत, 14 बीमार
CG Weather: सरगुजा संभाग के अंतर्गत आने वाले अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1 और 0.5 डिग्री कम था। मौसम विभाग ने बलरामपुर और जशपुर में अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना जताई है। बस्तर संभाग में 20 अप्रैल तक मौसम में बदलाव बना रह सकता है और बूंदाबांदी के आसार रहेंगे।




