बिलासपुर। लोक आस्था का महापर्व छठ आज यानी 25 अक्टूबर से नहाय-खाय के साथ आरंभ हो गया है। इस अवसर पर बिलासपुर के तोरवा स्थित अरपा छठ घाट पर शाम को अरपा मइया की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। घाट को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर दीपोत्सव की तरह जगमगा उठा है।
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के लिए तोरवा छठ घाट पर विशेष तैयारियां की गई हैं। यह देश का सबसे बड़ा स्थायी छठ घाट माना जाता है, जहां एक साथ 50 हजार से अधिक श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। आयोजन की जिम्मेदारी पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त तत्वावधान में पिछले 25 वर्षों से निभाई जा रही है। इस वर्ष पर्व की सिल्वर जुबली मनाई जा रही है।
समिति अध्यक्ष असीमदास के अनुसार, घाट की साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और निगम आयुक्त अमित कुमार ने घाट का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बिलासपुर का यह छठ पर्व 25 अक्टूबर से शुरू होकर 28 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। श्रद्धालु सूर्य उपासना और छठी मैया की आराधना के माध्यम से परिवार के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करेंगे।




