रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र आज यानी मंगलवार को पुराने विधानसभा भवन में आयोजित हुआ। सदन में सबसे पहले स्पीकर रमण सिंह ने दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मीडिया से चर्चा में बताया कि यह सत्र केवल एक दिन का होगा। डॉ रमन के मुताबिक नियमित शीतकालीन सत्र दिसंबर में नवा रायपुर के नए विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा।
विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य विधानसभा की 25 साल की संसदीय यात्रा पर चर्चा करना है। सत्र के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के दो दर्जन से अधिक विधायक अपने अनुभव, संसदीय स्मृतियां और विधानसभा से जुड़े प्रसंग साझा करेंगे। सत्र को संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है।




