Chhattisgarh Chtrotpala Film City : छत्तीसगढ़ में 147 करोड़ रुपए की लागत से चित्रोत्पला फिल्म सिटी बनाई जाएगी। इसके लिए भारत सरकार ने 147 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा में दिए गए अपने संबोधन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने फिल्म सिटी के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। इस फिल्म सिटी के निर्माण से छत्तीसगढ़ी फिल्मों और नाटकों को प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मान से विभूषित छत्तीसगढ़ की विभूतियों की सम्मान राशि प्रतिमाह 5 हजार रुपए से बढ़ाकर 10 हजार रुपए करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ी भाषा के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ी गुरतुर भाषा है, जो लोगों को दिल से जोड़ती है। छत्तीसगढ़ी फिल्मों ने इस भाषा को बढ़ावा देने में बड़ा योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने साहित्य परिषद में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के विलय को समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग राजभाषा छत्तीसगढ़ी को बढ़ावा देने का कार्य करता रहेगा। इससे पहले, इस आयोग का साहित्य परिषद में विलय कर दिया गया था।




